जमशेदपुर में लंबित कांडों की समीक्षा, एसएसपी ने दिए शीघ्र निष्पादन के निर्देश

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय सभागार में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों और थाना प्रभारियों के साथ लंबित कांडों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों में लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुराने और गंभीर मामलों को प्राथमिकता देने का निर्देश

समीक्षा के दौरान पुराने और गंभीर प्रकृति के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया गया। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को अनुसंधान में तेजी लाने तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गैंग और आदतन अपराधियों पर कसेगा शिकंजा

बैठक में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को प्रभावी बनाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी ने गैंग से जुड़े अपराधियों और आदतन अपराधियों के खिलाफ सीसीए के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया।इसके साथ ही दागी अपराधियों के डोजियर को नियमित रूप से अपडेट रखने और संदिग्ध व्यक्तियों का आपराधिक सत्यापन कराने पर भी जोर दिया गया।

फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान

एसएसपी ने वांछित और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। गंभीर आपराधिक मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए अनुसंधान में तेजी लाने को कहा गया।पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई करते हुए मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करें।

अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर जोर

बैठक में पूर्वी सिंहभूम जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी पुलिस पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई।एसएसपी ने अधिकारियों को सक्रियता के साथ काम करने और गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

More From Author

आदित्यपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आपराधिक मामले में 20 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; बाइक जब्त

जमशेदपुर में फिर खरकई और स्वर्णरेखा खतरे के निशान के पार, माइकिंग कर लोगो को सुरक्षित स्थान जाने के दिए निर्देश