जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना टाटा-हाता मुख्य मार्ग स्थित पावरू मोड़ के पास हुई, जहां सड़क किनारे चल रहे युवक को एक अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत
मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के उरुगुटू निवासी सुमन मंडल के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुमन मंडल सड़क किनारे पैदल चल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर उनकी चपेट में आ गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को घटना की सूचना दी।
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने उचित मुआवजे और दोषी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर टाटा-हाता मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ।
मौके पर पहुंची पोटका पुलिस
सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने और सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और प्रशासन लोगों को समझाने में जुटा था।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।घटना के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
