जमशेदपुर लौहनगरी के ओलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कालिका नगर में संपत्ति के बंटवारे को लेकर जारी विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया। कालिका नगर निवासी अमित सिंह पर उनके अपने पुत्र और साले ने मिलकर भुजाली से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में अमित सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संपत्ति विवाद में हुआ जानलेवा हमला; एमजीएम में चल रहा इलाज
घटनाक्रम के संबंध में पीड़ित और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भुजाली से किए गए ताबड़तोड़ वार के कारण अमित सिंह के शरीर पर गंभीर और गहरे जख्म आए हैं।घटना के तुरंत बाद परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से घायल अमित सिंह को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां आपातकालीन वार्ड में उनका इलाज चल रहा है।
बेटे सोनू सिंह और साले युवराज सिंह पर लगा आरोप
एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़ित अमित सिंह ने अपने ही परिजनों पर हमले का सीधा आरोप लगाया है। अमित सिंह ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उनके पुत्र सोनू सिंह और साले युवराज सिंह ने संपत्ति विवाद के कारण उन पर हमला किया।पीड़ित के अनुसार लंबे समय से पारिवारिक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था, जिसे लेकर रविवार को कहासुनी हुई और बात हमले तक पहुंच गई।
ओलीडीह पुलिस जांच में जुटी; कानूनी कार्रवाई जारी
घटना की सूचना मिलते ही ओलीडीह थाना पुलिस हरकत में आई और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।ओलीडीह पुलिस की टीम ने एमजीएम अस्पताल पहुंचकर घायल अमित सिंह का बयान दर्ज किया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जांच के बाद आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
