जमशेदपुर: डिवाइडर से टकराई स्कूल वैन, चालक समेत 17 बच्चे घायल

जमशेदपुर: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में शुक्रवार को स्कूली बच्चों को लेकर जा रही टाटा विंगर स्कूल वैन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वैन सवार 15 से 17 बच्चों सहित चालक घायल हो गया ।

टेल्को स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर हुआ हादसा

घटना टेल्को स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर एन-111 के पास हुई। जानकारी के अनुसार, टाटा विंगर स्कूल वैन चिन्मया विद्यालय के बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वैन सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान वाहन के अगले हिस्से में भी भारी नुकसान हुआ। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मदद के लिए पहुंचे स्थानीय लोग

दुर्घटना के बाद वैन में सवार बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास स्थित फ्लैटों और घरों से लोग बाहर निकल आए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया।बताया जा रहा है कि हादसे में करीब 15 से 17 बच्चे घायल हुए हैं। चालक समेत दो बच्चों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

कार को बचाने के दौरान हादसा होने की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना की एक संभावित वजह सामने आ रही है। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि स्कूल की दिशा से आ रही एक कार अचानक वैन के काफी करीब आ गई थी।स्थानीय निवासी के मुताबिक, कार को देखने और उसके चालक की गतिविधि पर नजर रखने के दौरान वैन चालक का ध्यान सड़क से हट गया। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ा और वैन सीधे डिवाइडर से जा टकराई।हालांकि, हादसे का वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही

घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटनाग्रस्त स्कूल वैन को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

More From Author

चक्रधरपुर: घर में घुसकर महिला सुपरवाइजर की धारदार हथियार से हत्या,आरोपी हिरासत में

सरायकेला में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 35 करोड़ की कथित वित्तीय अनियमितता मामले में ठेकेदार के घर छापेमारी