सरायकेला: जिले के राजनगर प्रखंड क्षेत्र में रविवार सुबह भालू के हमले में 80 वर्षीय ग्रामीण मानसिंह हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह करीब 5:45 बजे बलरामपुर गांव के समीप की बताई जा रही है। हमले में घायल ग्रामीण को इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रास्ते में अचानक भालू ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर निवासी मानसिंह हांसदा रविवार सुबह अपने गांव से बैठकालसाईं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया।बताया जा रहा है कि हमले में उनके पैर की हड्डी टूट गई। इसके अलावा शरीर के कई हिस्सों में भालू के काटने और नाखून से जख्म होने की बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
भालू के हमले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल मानसिंह हांसदा को इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
भालू की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत
घटना की सूचना वन विभाग को भी दी गई है। क्षेत्र में भालू की मौजूदगी की जानकारी सामने आने के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि भालू अभी भी आसपास के जंगल या गांव से सटे इलाके में मौजूद हो सकता है।ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों को जंगल और आसपास के इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की गई है।
