जमशेदपुर:जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में चोरी का एक अनोखा और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने ग्राहक बनकर दो अलग-अलग आभूषण दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम दिया। शातिर महिला ने पहले दुकान में सोने-चांदी के सामान खरीदने का नाटक किया और मौका पाकर पायल व नथिया लेकर चंपत हो गई। इस घटना के बाद से स्थानीय ज्वेलरी व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला ने अपनी शातिर चाल से दो दुकानों को ठगा। महिला सबसे पहले कदमा स्थित ‘लक्ष्मी ज्वेलर्स’ पहुंची और खुद को ग्राहक बताकर आभूषण दिखाने की मांग की। वहां उसने एक जोड़ी पायल पसंद करने का नाटक किया। इसके बाद वह पास ही स्थित ‘माणिक चंद ज्वेलर्स’ भी पहुंची और वहां भी दुकानदार से आभूषण दिखाने को कहा। दुकानदारों का आरोप है कि आभूषण दिखाने के इसी क्रम में महिला ने बेहद चालाकी से पायल और नथिया अपने कब्जे में छिपा ली और मौका मिलते ही दुकान से बाहर निकलकर फरार हो गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे दुकानदार, संदिग्धों पर विशेष नजर
घटना का पता चलने पर दुकानदारों ने अपने स्तर पर महिला की तलाश शुरू की और आसपास के अन्य ज्वेलरी कारोबारियों को भी सतर्क कर दिया। ज्वेलरी व्यवसायी शंकर प्रसाद वर्मा ने बताया कि महिला की पहचान करने के लिए दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।उम्मीद जताई जा रही है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए महिला की पहचान जल्द हो जाएगी और पुलिस तक मामला पहुंचने पर चोरी की इस वारदात का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा। इस घटना के बाद से स्थानीय दुकानदारों ने दुकानों में आने वाले हर अनजान या संदिग्ध ग्राहक पर विशेष नजर रखने का निर्णय लिया है।
