जमशेदपुर में मतदाता सूची अपडेट करने की कवायद तेज, 24 सितंबर तक रिपोर्ट देने का निर्देश

जमशेदपुर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची में छूटे हुए अर्हताधारी भारतीय नागरिकों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसको लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रपत्र-6 के जरिए प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन और मतदाता सूची को अपडेट करने के निर्देश दिए गए।

5 अगस्त से लिए जा रहे हैं आवेदन

उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के तहत 5 अगस्त 2026 से उन पात्र भारतीय नागरिकों से प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन लिए जा रहे हैं, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी प्रपत्र-6 को अगले दो दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से बीएलओ ऐप के माध्यम से दर्ज किया जाए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जा सके।

बूथ स्तर पर होगा मतदाताओं का सत्यापन

बैठक में सभी बूथ लेवल ऑफिसर और बीएलओ सुपरवाइजर को अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्र का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया। सत्यापन के बाद उन्हें प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना होगा।प्रमाण पत्र में यह उल्लेख करना होगा कि संबंधित क्षेत्र के सभी छूटे हुए पात्र मतदाताओं से आवेदन प्राप्त कर लिया गया है और कोई भी अर्हताधारी नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं है।

निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों भी देंगे प्रमाण पत्र

बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर से प्रमाण पत्र मिलने के बाद संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों अपने सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों से भी इसी आशय का प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे। इसके बाद सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को स्वयं प्रमाणित रिपोर्ट जिला निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में 24 सितंबर 2026 तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने को कहा।बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह समेत संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी मौजूद रहे।

More From Author

जमशेदपुर: निखार सबलोक हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह राघव के सोनारी स्थित ठिकानों पर छापेमारी ; सराईकेला और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

जमशेदपुर: डॉ. कमलेश कुमार कमलेन्दु कोल्हान विवि के सीनेट सदस्य मनोनीत, ग्रेजुएट कॉलेज की प्राचार्या डॉ. वीणा प्रियदर्शनी ने किया सम्मानित