जमशेदपुर: प्रेम विवाह के 4 महीने बाद वैवाहिक कलह में खौफनाक अंत, कदमा में 23 वर्षीय संजय तांडी ने फांसी लगाकर दी जान

जमशेदपुर : लौहनगरी के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामजन्मनगर में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना घटी। यहां रहने वाले 23 वर्षीय युवक संजय तांडी ने अपने ही घर में पंखे से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

तीन-चार महीने पहले हुआ था प्रेम विवाह; अक्सर होता था विवाद

घटना के संबंध में परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार संजय तांडी ने करीब तीन-चार महीने पहले ही सोनारी निवासी युवती (सोमा कर्मकार) के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों कदमा के रामजन्मनगर में साथ रह रहे थे।शादी के कुछ ही दिनों बाद से दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अनबन और तीखी बहस होने लगी थी। विवाद बढ़ने पर पत्नी अक्सर घर छोड़कर चली जाती थी।

4 दिन पहले घर छोड़कर हॉस्टल चली गई थी पत्नी; शक के कारण बढ़ा तनाव

परिजनों ने बताया कि संजय पिछले कुछ दिनों से अत्यधिक मानसिक तनाव में चल रहा था। परिजनों के मुताबिक संजय को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से लगातार बातचीत करने का संदेह था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। तीन-चार दिन पहले हुए तीखे विवाद के बाद पत्नी सोमा घर छोड़कर चली गई और मानगो-डिमना क्षेत्र स्थित एक हॉस्टल में रहने लगी। संजय लगातार उसे मनाने और वापस लाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पत्नी लौटने को तैयार नहीं थी।

देर रात 1 बजे उठाया खौफनाक कदम; पुलिस जांच में जुटी

पत्नी के न लौटने और वैवाहिक रिश्ते में आ रही कड़वाहट से टूट चुके संजय ने देर रात करीब 1 बजे अपने कमरे में पंखे के सहारे फांसी लगा ली। सुबह परिजनों ने जब शव को झूलते देखा तो चीख-पुकार मच गई।कदमा थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और यूडी केस दर्ज कर मामले के सभी बिंदुओं पर पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और मृतक की पत्नी दोनों पक्षों से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

More From Author

सिदगोड़ा में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, टाटा स्टील कर्मी के क्वार्टर से 40 लाख के जेवरात और 30 हजार नकद गायब