जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित ब्रह्म पथ के पास युवती से हुई मोबाइल छिनतई की घटना का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से छिनतई किया गया मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और वारदात के समय पहना गया शर्ट बरामद किया है।
20 सितंबर को सड़क पर युवती से छीना था मोबाइल
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2:35 बजे मोटरसाइकिल सवार एक युवक ने सड़क पर जा रही युवती का मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-01) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
फॉरेस्ट क्षेत्र से आरोपी गिरफ्तार
विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जवाहरनगर रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कलामुद्दीन उर्फ कलाम (26) के रूप में हुई है। वह सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के गौस नगर बेल चौक का रहने वाला बताया गया है।पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर छिनतई किया गया मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और वारदात के समय पहना गया फुल शर्ट बरामद किया गया।
आरोपी का पहले से रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, कलामुद्दीन उर्फ कलाम का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ साकची थाना में वर्ष 2019 में छिनतई और चोरी से संबंधित मामला दर्ज है। इसके अलावा आजादनगर थाना में वर्ष 2025 में उसके खिलाफ दो अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड तथा छिनतई की अन्य घटनाओं से संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।
