जमशेदपुर: शहर में हाल के दिनों में हुई डकैती और गोलीबारी की घटनाओं के बीच जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने अपराध नियंत्रण को लेकर कमान संभाल ली है। इसी क्रम में एसएसपी खुद बाइक से शहर की सड़कों पर निकले और विभिन्न चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। हाल के दिनों में जमशेदपुर पुलिस की ओर से रात्रि गश्त और निगरानी अभियान भी तेज किया गया है।
बाइक से शहर में निकले एसएसपी, लोगों से लिया फीडबैक
एसएसपी ने शहर के अलग-अलग इलाकों में बाइक से भ्रमण किया। इस दौरान कई चौक-चौराहों पर रुककर उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनके क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।उन्होंने लोगों से यह भी जानने का प्रयास किया कि उनके इलाके में किस तरह की गतिविधियां चल रही हैं और कहीं कोई आपराधिक गतिविधि या अन्य समस्या तो नहीं है। पुलिस और आम लोगों के बीच सीधे संवाद की इस पहल का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया।
अपराधियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि शहर में आपराधिक घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की ओर से अपराधियों पर कार्रवाई के साथ-साथ संवेदनशील इलाकों में निगरानी और गश्त बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने भी हाल में एसएसपी से मुलाकात कर शहर के व्यापारिक और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने का सुझाव दिया था। एसएसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, नियमित मॉनिटरिंग और गश्ती बढ़ाने की बात कही थी।
देर रात बेवजह अड्डेबाजी करने वालों पर भी नजर
शहर के चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर देर रात तक बिना किसी काम के जुटने वाले लोगों को भी पुलिस ने चेतावनी दी है। एसएसपी ने संकेत दिया कि रात में अनावश्यक रूप से अड्डेबाजी करते पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की इस पहल का उद्देश्य देर रात होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है।
लगातार बढ़ रही पुलिस की रात्रि निगरानी
जमशेदपुर में हाल के आपराधिक मामलों के बाद पुलिस ने रात्रि गश्त को लेकर सक्रियता बढ़ाई है। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में भी 26 सितंबर की देर रात विशेष रात्रि गश्ती अभियान चलाया गया था, जिसमें मुख्य सड़कों के साथ गलियों और मोहल्लों में भी निगरानी की गई।स्थानीय लोगों ने एसएसपी के खुद सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने की पहल का स्वागत किया। लोगों का कहना है कि इस तरह की निगरानी नियमित रूप से होने से पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और सुरक्षा को लेकर लोगों का भरोसा मजबूत होगा।
