आदित्यपुर गोलीकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, अवैध धंधे के पैसों के बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम बस्ती में 25 सितंबर की रात हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश चंद्र नायक उर्फ कालिया और 19 वर्षीय डब्लू महतो उर्फ पद्मलोचन मोहंता शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गोलीबारी के पीछे अवैध धंधे से प्राप्त पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद की बात सामने आई है। सोमवार को एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।

कल्लू खान के घर के पास हुआ था विवाद, अब्दुल जाफर को लगी थी गोली

पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे मुस्लिम बस्ती में कल्लू खान के घर पर शेख अजहरुद्दीन, कादिम खान, प्रकाश चंद्र नायक उर्फ कालिया और अन्य लोगों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान अब्दुल जाफर पर गोली चलाई गई, जो उसके सिर को छूते हुए निकल गई। गोली लगने से घायल अब्दुल को इलाज के लिए जमशेदपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

ओडिशा से गिरफ्तार हुआ 19 वर्षीय आरोपी

घटना के बाद आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 269/2026 दर्ज कर पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया था। पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए डब्लू महतो उर्फ पद्मलोचन मोहंता को ओडिशा से गिरफ्तार किया। इसके बाद प्रकाश चंद्र नायक उर्फ कालिया को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

हत्या और लूट के मामले में सजा काट चुका है प्रकाश

एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के अनुसार, गिरफ्तार प्रकाश चंद्र नायक मूल रूप से ओडिशा के नयागढ़ जिले के ओड़गांव थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसका पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस के मुताबिक, वह हत्या और लूट के मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

एसडीपीओ ने मामले के अन्य नामजद आरोपियों कादिम खान और अहरुद्दीन को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है। फिलहाल पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।पुलिस अब गोलीबारी में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी, अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

More From Author

जमशेदपुर में कार से ऑनलाइन जुआ खेलते तीन युवक गिरफ्तार, 1.18 लाख रुपये नकद और मोबाइल जब्त