जमशेदपुर में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के लिए जिला स्तरीय व्यंजन प्रतियोगिता, गोलमुरी-जुगसलाई की टीम रही प्रथम

जमशेदपुर: 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत सोमवार को समाहरणालय परिसर में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के लिए जिला स्तरीय व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 के तहत आयोजित पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चल रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री से पौष्टिक व्यंजन तैयार करने और लोगों को संतुलित आहार के प्रति जागरूक करना रहा।

स्थानीय खाद्य सामग्री से तैयार किए पौष्टिक व्यंजन

प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों द्वारा चयनित आंगनबाड़ी केंद्रों की सहायिकाओं ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने स्थानीय खाद्य पदार्थों और पोषक तत्वों से भरपूर विभिन्न व्यंजन तैयार कर प्रस्तुत किए।निर्णायक मंडली ने व्यंजनों की गुणवत्ता, पोषण मूल्य और स्थानीय खाद्य सामग्री के उपयोग के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने का संदेश दिया गया।

गोलमुरी-जुगसलाई की टीम प्रथम

प्रतियोगिता में गोलमुरी-सह-जुगसलाई बाल विकास परियोजना कार्यालय ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम को 5 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं बोड़ाम बाल विकास परियोजना कार्यालय को दूसरा स्थान मिला, जिसके लिए 3 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।बहरागोड़ा बाल विकास परियोजना कार्यालय ने तीसरा स्थान प्राप्त किया और उसे 2 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

डीसी बोले- संतुलित आहार में पोषक तत्व जरूरी

इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए केवल पर्याप्त भोजन ही नहीं, बल्कि भोजन में जरूरी पोषक तत्वों का होना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाएं गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों तक पोषण संबंधी संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।उन्होंने कहा कि स्थानीय खाद्य सामग्री से पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन तैयार कर परिवारों को संतुलित आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।

कई पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिकाएं तथा आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

More From Author

पोटका में एसआईआर को लेकर ग्रामीणों ने विधायक संजीव सरदार को बताई परेशानी, नाम कटने और नोटिस को लेकर चिंता

जमशेदपुर में दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन और पूजा समितियों की बैठक, व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने पर जोर