चांडिल गोलचक्कर पर भीषण सड़क हादसा में पॉलीटेक्निक छात्र की मौत, दूसरा गंभीर

चांडिल। चांडिल थाना क्षेत्र के चांडिल गोलचक्कर के समीप मंगलवार को हुए सड़क हादसे में पॉलीटेक्निक कॉलेज के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों छात्र गम्हरिया से चांडिल पॉलीटेक्निक कॉलेज जा रहे थे। इसी दौरान गोलचक्कर के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में एक छात्र की मौके पर मौत

टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रेम महतो के रूप में हुई है । वहीं गंभीर रूप से घायल छात्र की पहचान समीर दास के रूप में हुई है। दोनों छात्रों के गम्हरिया निवासी होने की जानकारी सामने आई है।दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

पुलिस ने ट्रेलर किया जब्त

घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल छात्र का इलाज कराया जा रहा है।पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया है। मृत छात्र की पहचान और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सड़क की खराब स्थिति और यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चांडिल गोलचक्कर के आसपास वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। सड़क की खराब स्थिति और यातायात व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की सतह कई जगह खराब है, जिसके कारण दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति सुधारने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

एनएचएआई से सड़क दुरुस्त कराने की मांग

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और एनएचएआई से चांडिल गोलचक्कर तथा आसपास की सड़क की स्थिति दुरुस्त कराने की मांग की है। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।हादसे के बाद क्षेत्र में एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

More From Author

जमशेदपुर में दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन और पूजा समितियों की बैठक, व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने पर जोर

डुमरिया एकलव्य विद्यालय में शिक्षकों की कमी मामले में दुखनी सोरेन ने डीसी को सौंपा ज्ञापन