नेमरा में पंचतत्व में विलीन हुईं रूपी सोरेन, हेमंत सोरेन ने दी मुखाग्नि

रामगढ़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी मां को मुखाग्नि दी। नेमरा के ढेकानाला घाट पर दोपहर करीब 3:30 बजे अंतिम संस्कार हुआ।रूपी सोरेन का बुधवार रात रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में निधन हुआ था। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

नेमरा में हजारों लोगों ने दी अंतिम विदाई

गुरुवार को रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव नेमरा लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत सोरेन परिवार के सदस्य, राज्य सरकार के मंत्री, पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक, अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता शामिल हुए।नेमरा में अंतिम विदाई के दौरान माहौल गमगीन रहा। परिवार के सदस्यों और समर्थकों ने रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसी घाट पर हुआ था शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार

रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार उसी स्थान के समीप किया गया, जहां करीब 13 महीने पहले उनके पति और झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार हुआ था। शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार अगस्त 2025 में नेमरा के इसी क्षेत्र में किया गया था।

बाबूलाल मरांडी और इरफान अंसारी ने जताया शोक

रूपी सोरेन के निधन पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया। बाबूलाल मरांडी ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी रूपी सोरेन के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताई।

More From Author

जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पहली बार इंटर कॉलेज टूर्नामेंट 2026, सात संस्थानों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

जेएसएससी सीजीएल पर झारखंड हाईकोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित, जेपीएससी मामलों की सुनवाई शुक्रवार को