जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र की चाणक्यपुरी कॉलोनी में शुक्रवार देर शाम एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रोहित महतो के रूप में हुई है। वह धनबाद जिले के जामाडोबा का निवासी था और करीब 10 से 15 दिन पहले ही जमशेदपुर आया था। यहां वह अपने रिश्तेदार के घर रहकर रोजगार की तलाश कर रहा था।
दोस्तों ने घर में देखा शव
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम रोहित घर में अकेला था। इसी दौरान उसके कुछ दोस्त वहां पहुंचे। घर के अंदर रोहित का शव फंदे से लटका देखकर वे घबरा गए। दोस्तों ने तत्काल मकान मालिक को इसकी सूचना दी। इसके बाद सोसायटी के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया
सूचना मिलने पर आजादनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को फिलहाल मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया।
परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
पुलिस के अनुसार, रोहित के परिजनों के जमशेदपुर पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
