सरायकेला: कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम सोमवार को सरायकेला पहुंचे। जिला मुख्यालय पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। आयुक्त के दौरे को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय नजर आया।
दुर्गा पूजा और दशहरा की सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा
आयुक्त के दौरे का मुख्य उद्देश्य आगामी दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है। इस दौरान जिले में विधि-व्यवस्था की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।समीक्षा के दौरान पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, सुगम यातायात व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के इंतजामों का जायजा लिया जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों।
विकास योजनाओं की भी होगी समीक्षा
त्योहारों की तैयारियों के साथ आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम जिले में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित विकास योजनाओं की भी समीक्षा करेंगे। इस दौरान संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली जाएगी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।आयुक्त के दौरे को प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने पर भी जोर रहेगा।
