Views: 14
जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया स्थित मैदान में पुलिस ने छापेमारी कर पांच आरोपियों को हथियार और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और पांच गोलियां बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविनाथ मछुआ, विनय हरपाल, संतोष, निहाल और अमित कुमार साहू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को डराने-धमकाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से हथियार अपने पास रखते थे।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
मंगलवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोमवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कदमा के फार्म एरिया स्थित मैदान में कुछ लोग हथियार लेकर मौजूद हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर छापेमारी की और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर हथियार और गोलियां बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक देसी कट्टा और पांच गोलियां बरामद कीं। बरामद हथियार और गोलियों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है।
आपराधिक इतिहास की भी जांच
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस उनके पुराने मामलों और कथित आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
