Views: 0
राजनगर:सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र स्थित कोलाबड़िया गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक दुर्घटना में 17 वर्षीय किशोर की नदी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।मृतक की पहचान कोलाबड़िया निवासी अमन कंदीर (17 वर्ष), पिता एमलेन कंदीर के रूप में की गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा सरायकेला सदर अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति का जायजा लिया । पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर तुरंत पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।सदर अस्पताल में आवश्यक कागजी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम संपन्न होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।
पिता के आवेदन पर यूडी केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए राजनगर थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं और वस्तुस्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है। पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।मृतक के पिता एमलेन कंदीर के लिखित आवेदन के आधार पर राजनगर थाने में यूडी केस दर्ज कर लिया गया है।पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा नहाने के दौरान गहराई में चले जाने से हुआ या किसी अन्य कारण से।
