Views: 3
पोटका : पोटका विधानसभा क्षेत्र में हो समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक संजीव सरदार से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विधायक को सम्मानित करते हुए गुरु लाको बोदरा का चित्र भेंट किया। समाज के लोगों ने क्षेत्र में किए जा रहे विकास और जनसेवा के कार्यों की सराहना की।
विधायक की सक्रियता से समाज में बढ़ा विश्वास
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विधायक संजीव सरदार की सक्रियता और आम लोगों के बीच उनकी मौजूदगी से समाज में विश्वास बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास के साथ आदिवासी समाज की भाषा, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।
समाज के सम्मान को बड़ी जिम्मेदारी मानते हैं विधायक
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने हो समाज के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज का सम्मान और विश्वास उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान करना और विकास कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।विधायक ने कहा कि आदिवासी समाज की समृद्ध भाषा, संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण बेहद जरूरी है। गुरु लाको बोदरा के विचार और समाज के प्रति उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
भाषा और संस्कृति के संरक्षण पर दिया जोर
मुलाकात के दौरान हो समाज की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक हितों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विधायक को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी जनहित और विकास से जुड़े कार्यों को इसी तरह आगे बढ़ाते रहेंगे।
ये सदस्य रहे उपस्थित
इस मौके पर ओत् गुरु कोल लाको बोदरा, बारूगोड़ा कमेटी के अध्यक्ष लाखान जोंको, सचिव मिचराय तापेए, कोषाध्यक्ष रामसिंह कालुन्डीया, रांसी बान्डरा, कुवांर जोंको, अर्जुन तापेए, घासिराम तियु, मधु जोंको, लाबरा जोंको सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
