Views: 1
कोलकाता: महानगर कोलकाता के बाघाजतिन बाजार में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से करीब 48 दुकानें जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते बाजार की कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग बुझाने के लिए दमकल की 15 गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। इसके बावजूद सुबह 8 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। घटना में दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है।मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे बाघाजतिन के पुराने और बड़े बाजार में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, तब तक आग कई दुकानों तक फैल चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाद में दमकल की गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर 15 कर दी गई।
बताशे की दुकान से शुरू हुई आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत एक बताशे की दुकान से हुई। इसके बाद आग तेजी से आसपास की दुकानों तक फैल गई और देखते ही देखते बाजार की कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। जली हुई दुकानों में अधिकांश दशाकर्मा और पूजा सामग्री की दुकानें बताई जा रही हैं।
लक्ष्मी पूजा की तैयारी के लिए रखा सामान भी जला
आग में दुकानों के अंदर रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। एक दुकानदार ने बताया कि दुर्गापूजा के बाद लक्ष्मी पूजा की तैयारी के लिए उन्होंने अपनी दुकान में लक्ष्मी प्रतिमाएं और पूजा से जुड़ा अन्य सामान रखा था। आग में उनका पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। इस घटना से कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
दमकल की गाड़ियों के देर से पहुंचने का आरोप
घटना के बाद स्थानीय लोगों और कुछ दुकानदारों ने दमकल विभाग की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि शुरुआत में केवल एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और बाद में धीरे-धीरे गाड़ियों की संख्या बढ़ाई गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, तब तक आग काफी फैल चुकी थी और कई दुकानें इसकी चपेट में आ गई थीं।फिलहाल आग लगने के कारण और नुकसान के आधिकारिक आकलन से संबंधित जानकारी सामने नहीं आई है।
