Views: 4
आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में मंगलवार देर रात वेज रोल को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आयडा गेट के सामने स्थित खाऊ गली में फास्ट फूड ठेले पर हुए विवाद के दौरान चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में फास्ट फूड दुकान संचालक समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
वेज रोल के ऑर्डर को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार देर रात करीब एक बजे की है। मानगो निवासी शेखर तिर्की आदित्यपुर शिव मंदिर दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में लाइटिंग का काम करने आया था। रात में वह अपने साथी गोलू के साथ आयडा गेट स्थित एक फास्ट फूड ठेले पर वेज रोल खाने पहुंचा। इसी दौरान ऑर्डर को लेकर दुकानदार और शेखर के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे युवकों पर चाकू से हमला
विवाद बढ़ने पर शेखर और गोलू ने फोन कर पूजा समिति के सदस्यों को मौके पर बुलाया। सूचना मिलने पर समिति का सदस्य सन्नी वहां पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान दुकानदार और उसके स्टाफ ने उस पर हमला कर चाकू घोंप दिया। इसके बाद बीच-बचाव करने पहुंचे सागर झा और अरुण पांडे पर भी चाकू से हमला किया गया।चाकूबाजी में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया। हालांकि, मृतक की पहचान और घायलों की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
एसडीपीओ और थाना प्रभारी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही गश्त कर रहे सरायकेला एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज और आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फास्ट फूड दुकान संचालक समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज ने बताया कि मामूली विवाद के बाद हिंसक झड़प हुई। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी परिस्थितियों और हमले में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
