Views: 1
जमशेदपुर: शहर के बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेले में बने मौत के कुएं में बाइक से करतब दिखा रही एक युवती की बाइक में अचानक आग लग गई। इस घटना में युवती भी झुलस गई। उसे इलाज के लिए भेजा गया, जबकि आग की चपेट में आने से बाइक पूरी तरह जल गई।
हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के दौरान मौत के कुएं में करतब देख रहे लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में पूरा घटनाक्रम कैद कर लिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बाइक में आग लगते ही मौके पर मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
समय रहते आग पर पाया गया काबू
समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, बाइक में आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। इसके पीछे तकनीकी खराबी या कोई अन्य वजह थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।घटना ने मेले में इस तरह के खतरनाक करतबों के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
