Views: 4
जमशेदपुर: ऑनलाइन गेमिंग के जरिए बड़े इनाम का लालच देकर लोगों से कथित तौर पर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। जमशेदपुर और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने बिरसानगर के डुंगरी टोला स्थित ओम नगर, रोड नंबर दो के एक मकान में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 102 एटीएम एवं डेबिट कार्ड और 67 सिम कार्ड समेत कई सामान बरामद किए हैं।शुक्रवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को पहले जीत का लालच देते थे और फिर नुकसान की भरपाई कराने के बहाने उनसे बड़ी रकम लगवाते थे।
हार की रकम वापस दिलाने का भरोसा देकर लगवाते थे बड़ा दांव
ग्रामीण एसपी के मुताबिक, आरोपी ‘GET&ID’ नामक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को गेम खेलने के लिए प्रोत्साहित करते थे। शुरुआत में कम रकम लगाकर बड़ा इनाम जीतने का लालच दिया जाता था।पुलिस का आरोप है कि जब खिलाड़ी पैसे हार जाते थे, तो उन्हें अगली बार बड़ा दांव लगाकर नुकसान की भरपाई करने का भरोसा दिया जाता था। इसी तरीके से लोगों को बार-बार रकम लगाने के लिए प्रेरित किया जाता था।पुलिस के अनुसार, इस प्रक्रिया के जरिए कथित तौर पर ठगी की रकम जुटाई जाती थी। इसके बाद पैसे अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित किए जाते थे और एटीएम कार्ड के माध्यम से नकदी निकाली जाती थी।
रामगढ़ साइबर केस की जांच में मिला सुराग
पुलिस के अनुसार, रामगढ़ साइबर अपराध थाना में दर्ज कांड संख्या 05/2026 की जांच के दौरान आरोपियों के बिरसानगर में सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जमशेदपुर साइबर थाना, बिरसानगर थाना और रामगढ़ साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई।तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने 29 अक्टूबर को बिरसानगर के डुंगरी टोला स्थित ओम नगर, रोड नंबर दो के एक मकान के प्रथम तल पर छापेमारी की। इस दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल और 102 एटीएम कार्ड बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त किए। बरामद सामान में पांच लैपटॉप,25 मोबाइल फोन,102 एटीएम एवं डेबिट कार्ड,67 सिम कार्ड,नौ बैंक पासबुक,हिसाब-किताब की चार नोटबुक और रजिस्टर,8,440 रुपये नकद,एक वाईफाई राउटर और नेटवर्क केबल ,चार्जर, एक मोटरसाइकिल और पहचान संबंधी दस्तावेज शामिल हैं। पुलिस इन सामानों की जांच कर रही है। बरामद बैंक कार्ड, सिम कार्ड और दस्तावेजों से कथित ठगी के नेटवर्क तथा पैसों के लेन-देन से जुड़ी जानकारी मिलने की उम्मीद है।
जमशेदपुर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोलमुरी निवासी- एम. मनु प्रकाश (31 वर्ष), टेल्को निवासी-मो. फरहान (21 वर्ष), बिरसानगर निवासी-राहुल मिंज,बिरसानगर निवासी-अभिषेक राज (करीब 25 वर्ष) और सीतागोड़ा निवासी-श्रवण सोना (23 वर्ष) है।पुलिस के अनुसार, मामले में जमशेदपुर साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 108/2026 दर्ज किया गया है। आगे की जांच के दौरान आरोपियों के बैंक खातों, डिजिटल उपकरणों और कथित लेन-देन की पड़ताल की जा रही है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
छापेमारी दल में जमशेदपुर साइबर थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार, इंस्पेक्टर अमित अभिषेक, प्रदीप वर्मा, रामगढ़ के अनुसंधानकर्ता दिगम्बर पाण्डेय और बिरसानगर थाना प्रभारी मंटू कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। बरामद डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों की पड़ताल से कथित साइबर ठगी के अन्य पहलुओं का पता लगाया जाएगा।
