Views: 1
जमशेदपुर:आगामी रविवार, 1 नवंबर को आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के दौरान परीक्षार्थियों की सुगम आवाजाही और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं यातायात पुलिस ने विशेष नो-एंट्री प्लान जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार, 1 नवंबर को बसों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के भारी वाहनों के परिचालन पर तीन अलग-अलग समयावधियों में पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।
इन तीन समयावधियों में भारी वाहनों का परिचालन रहेगा ठप
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और निकलने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर निम्नलिखित समय सीमा में नो-एंट्री प्रभावी रहेगी जिसमें पहला चरण:सुबह 5:00 बजे से पूर्वाह्न 9:15 बजे तक, दूसरा चरण:पूर्वाह्न 11:15 बजे से दोपहर 2:15 बजे तक और तीसरा चरण:अपराह्न 3:30 बजे से रात 11:00 बजे तक प्रभावी रहेगा जबकि यात्री बसों और अत्यावश्यक सेवा से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
प्रवेश और निकासी के लिए निर्धारित किया गया समय
परिवहन संचालकों और मालवाहक चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने शहर में प्रवेश और निकासी के लिए सीमित समय अंतराल भी तय किया है जिसमें शहर में प्रवेश का समय: सुबह 9:15 बजे से पूर्वाह्न 11:15 बजे तक भारी वाहन शहर के भीतर प्रवेश कर सकेंगे वही शहर से निकासी का समय: दोपहर 2:15 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक भारी वाहनों को शहर से बाहर जाने की अनुमति रहेगी।
जिला प्रशासन की अपील
प्रशासन की ओर से सभी वाहन चालकों, माल ट्रांसपोर्टरों और व्यावसायिक वाहन स्वामियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे 1 नवंबर को निर्धारित समय सारणी का पूरी तरह पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस द्वारा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।परीक्षार्थियों से भी अपील की गई है कि वे परीक्षा केंद्रों के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर निकलें ताकि यातायात दबाव की स्थिति में भी वे समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
