Views: 0
जमशेदपुर: डोरकाशाही के ग्रामीण एवं जंगल क्षेत्र में ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) और इससे जुड़े विभिन्न सेल की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के साथ देश की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें वामपंथी विचारधारा से जुड़े लोगों के अलावा शिक्षक, मजदूर, प्रबंधक, अधिवक्ता, किसान, युवा और आम नागरिक शामिल हुए।बैठक में एटक कोल्हान के महासचिव अम्बुज ठाकुर, लीगल सेल के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता दिलीप, महासचिव अधिवक्ता गिरीश सिंह, उपाध्यक्ष शशि भूषण, शिक्षक सेल के अध्यक्ष शशि भूषण राय तथा पूर्व विधायक तुलसी रजब और हीरा अरकने विशेष रूप से उपस्थित रहे।
संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर जताई चिंता
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश में नागरिकों के अधिकारों, संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने सरकार के रवैये पर चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि छात्रों, मजदूरों और आम जनता की समस्याओं तथा उनकी आवाजों को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है।वक्ताओं ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित प्रयास और आंदोलन जरूरी हैं।
मजदूरों, किसानों और युवाओं के मुद्दों पर चर्चा
बैठक में मजदूरों, किसानों और युवाओं समेत समाज के अलग-अलग वर्गों से जुड़ी समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने देश की ज्वलंत समस्याओं को लेकर संघर्ष की रणनीति बनाने और जनहित के मुद्दों को संगठित रूप से उठाने पर जोर दिया।
विभिन्न सेल को संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एटक के विभिन्न सेल और उनसे जुड़े लोग अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करेंगे। साथ ही आपसी एकजुटता के साथ जनहित के मुद्दों को उठाया जाएगा।बैठक में सरकार की नीतियों के खिलाफ संयुक्त रूप से आवाज बुलंद करने और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया गया।
