Views: 5
जमशेदपुर: लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर सामाजिक संस्था दायित्व ने सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की। संस्था की ओर से शनिवार, 14 नवंबर 2026 को बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में निःशुल्क सूप एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग 501 छठ व्रतियों के बीच सूप एवं प्रसाद का वितरण किया गया।
उप विकास आयुक्त ने की संस्था के सेवा कार्य की सराहना
कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम जिले की उप विकास आयुक्त श्रीमती नागेंद्र पासवान उपस्थित रहीं। उन्होंने संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि छठ जैसे पवित्र और आस्था से जुड़े महापर्व पर जरूरतमंद छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का निःशुल्क वितरण करना सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है, जो जरूरतमंदों के सुख-दुख में सहभागी बनकर सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हैं।
नौ वर्षों से लगातार कर रही है सेवा कार्य
संस्था के अध्यक्ष शिवराम झा (दिलीप) ने कहा कि दायित्व संस्था केवल एक सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक संवेदनशीलता के संकल्प के साथ काम करने वाला परिवार है। संस्था पिछले नौ वर्षों से लगातार छठ महापर्व के अवसर पर जरूरतमंद छठ व्रतियों के बीच निःशुल्क सूप एवं पूजन सामग्री का वितरण करती आ रही है। इस वर्ष संस्था अपने दसवें वर्ष में प्रवेश कर रही है।उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समानता और सहयोग का संदेश भी देता है। संस्था का प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी छठ पूजा को पूरे सम्मान, श्रद्धा और उल्लास के साथ मना सकें। किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना ही संस्था की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि पवन कुमार, सोना देवी विश्वविद्यालय के चांसलर श्री प्रभाकर सिंह, मुजफ्फरपुर के श्री संजीव श्रीवास्तव, एंग्लो स्कूल की प्रधानाध्यापिका श्रीमती खुशबू ठाकुर, समाजसेवी श्री मनोज झा एवं श्री प्रेम यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम में संस्था के कोषाध्यक्ष सुमन पांडेय, मंजीत यादव, आलोक सिंह, देवाशीष झा, गौतम सिंह, गणेश राय, राजेश प्रसाद, अमित झा, हरि सिंह एवं आशीष झा सहित संस्था के सभी सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं, समाजसेवियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
