Views: 1
सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत रोड नंबर चार में सोमवार देर रात आपसी विवाद को लेकर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। रात करीब 11:30 बजे हुई इस वारदात में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
रूई दुकान के पास शुरू हुआ विवाद, फिर चली चाकू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोड नंबर चार स्थित एक रूई दुकान के पास दो व्यक्तियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और फिर दोनों के बीच चाकूबाजी शुरू हो गई।बताया जाता है कि पहले एक व्यक्ति ने दूसरे पर चाकू से हमला किया। इसके बाद दूसरे व्यक्ति ने भी उस पर चाकू से वार कर दिया। इस दौरान दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना के आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरआईटी थाना पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस कर रही घटना की जांच
फिलहाल दोनों घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। चाकूबाजी की घटना किन कारणों से हुई और विवाद की शुरुआत कैसे हुई, पुलिस इसकी जांच कर रही है। मामले में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
