Views: 0
जमशेदपुर: लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ में बिनोद का किरदार निभाकर दर्शकों के बीच खास पहचान बनाने वाले अभिनेता अशोक पाठक बुधवार को जमशेदपुर पहुंचेंगे। वे बिहार एसोसिएशन, जमशेदपुर के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान राजेंद्र विद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में वे अभिनय की बारीकियों से लोगों को रूबरू कराएंगे और अपने खास अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन भी करेंगे। कार्यक्रम शाम पांच बजे से शुरू होगा।
100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित हो रहा शताब्दी समारोह
शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में पिछले एक शताब्दी से महत्वपूर्ण योगदान दे रहे बिहार एसोसिएशन ने अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर एसोसिएशन की ओर से 22 नवंबर से 3 दिसंबर तक शताब्दी समारोह आयोजित किया जा रहा है।समारोह की थीम ‘अ सेंचुरी ऑफ सर्विस एंड एजुकेशन- बिल्डिंग अ लेगेसी, शेपिंग द फ्यूचर’ रखी गई है। आयोजन में शहर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ समाज के अलग-अलग वर्गों के लोग हिस्सा ले रहे हैं।
अशोक पाठक बताएंगे अभिनय की बारीकियां
शताब्दी समारोह के तहत बुधवार को अभिनेता अशोक पाठक विशेष रूप से लोगों से रूबरू होंगे। ‘पंचायत’ वेब सीरीज में बिनोद के किरदार से लोकप्रिय हुए अशोक पाठक अपने अभिनय अनुभव साझा करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एसके बेहरा उपस्थित रहेंगे। आयोजन में शामिल होने के लिए नि:शुल्क पास वितरित किए गए हैं।
शिक्षा और सामाजिक सरोकारों पर होंगे बौद्धिक सत्र
समारोह के दौरान दिन में शिक्षा, युवा नेतृत्व, औद्योगिक विकास, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, मीडिया और सामाजिक सरोकारों जैसे विषयों पर बौद्धिक सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जा रही है।
26 नवंबर को कवि नीलोत्पल मृणाल होंगे शामिल
समारोह की अगली प्रमुख कड़ी में 26 नवंबर की शाम प्रसिद्ध कवि, लेखक और चिंतक नीलोत्पल मृणाल जमशेदपुर पहुंचेंगे। वे अपनी कविताओं के माध्यम से युवाओं से संवाद करेंगे और उन्हें सामाजिक व समकालीन मुद्दों पर सोचने के लिए प्रेरित करेंगे।बिहार एसोसिएशन ने शताब्दी समारोह को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। आयोजन का उद्देश्य संस्था की सौ वर्षों की सेवा और शैक्षणिक विरासत को याद करने के साथ भविष्य की दिशा तय करना भी है।
