जमशेदपुर में गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव पर नगर कीर्तन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली संस्थाएं सम्मानित

Views: 2

जमशेदपुर। सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) की ओर से श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकाले गए नगर कीर्तन में सहयोग और बेहतर प्रदर्शन करने वाली संस्थाओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर साकची गुरुद्वारा साहिब में आयोजित धार्मिक समागम में सिख स्त्री सत्संग सभाओं, नौजवान सभा, धर्म प्रचार कमेटी, अकाली दल, कीर्तनी जत्थों, गतका समूहों और स्कूलों के बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए।समागम में पटना साहिब से पहुंचे भाई कविंदर सिंह के कीर्तनी जत्थे, भाई नारायण सिंह और ज्ञानी अमृतपाल सिंह ने कथा-कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया। कार्यक्रम में सबसे पहले धर्म प्रचार कमेटी और अकाली दल के रविंद्र सिंह, सुखदेव सिंह खालसा, सोनारी गुरुद्वारा के बलबीर सिंह और गुरदयाल सिंह तथा साकची गुरुद्वारा के निशान सिंह और परमजीत सिंह काले को शॉल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।इसके बाद सेंट्रल स्त्री सत्संग सभा, सेंट्रल नौजवान सभा और नगर कीर्तन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मिडिल स्कूल, हाई स्कूल, स्त्री सत्संग सभाओं तथा बाल प्रतिभागी प्रभजोत सिंह को पुरस्कृत किया गया।

पुलिस अधिकारियों को भी किया सम्मानित

नगर कीर्तन में सहयोग के लिए जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खान, बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार, मानगो थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार, सीतारामडेरा थाना प्रभारी फागुन पासवान और सीतागोड़ा थाना प्रभारी मोहम्मद फैयाज को शॉल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।समागम में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, पुलिस उपाधीक्षक मनोज ठाकुर और सिटी डीएसपी संजीव कुमार को भी शामिल होना था। हालांकि, शहर में राज्यपाल के आगमन के कारण वे कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। सीजीपीसी पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यालय जाकर उन्हें सम्मान भेंट किया जाएगा।

समाज की एकजुटता पर दिया जोर

सीजीपीसी के प्रधान भगवान सिंह ने नगर कीर्तन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने समाज के लोगों से मिल-जुलकर काम करने की अपील की। चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह ने सेंट्रल कमेटी की जनरल बॉडी की बैठक में समाजहित में लिए गए फैसलों की जानकारी दी और संगत से उन पर अमल करने का अनुरोध किया। संगत ने ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों के साथ फैसलों का समर्थन किया।चेयरमैन गुरमीत सिंह ने भी समाज के लोगों से एकजुट होकर सामाजिक हित में कार्य करने की अपील की।कार्यक्रम का संचालन महासचिव अमरजीत सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला ने दिया। इस मौके पर सीजीपीसी के संरक्षक सुरेंद्र पाल सिंह टीटू, वरीय उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह खुशीपुर, सुखविंदर सिंह राजू, डॉ. अमरजीत सिंह, हरविंदर सिंह मंटू, महेंद्र पाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, प्रकाश सिंह, गुरप्रीत सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, कोषाध्यक्ष गुरनाम सिंह बेदी सहित कमेटी के कई पदाधिकारी मौजूद थे।सेंट्रल नौजवान सभा के महासचिव सुखवंत सिंह सुक्कू, इंदर सिंह, सिमरन भाटिया, हरदीप सिंह, डीपी भगत सिंह, रवि सिंह और अमन सिंह भी उपस्थित रहे। सेंट्रल स्त्री सत्संग सभा की प्रधान रविंद्र कौर, चेयरमैन कमलजीत कौर, वरीय उपाध्यक्ष पलविंदर कौर, बलविंदर कौर, महासचिव सुखवंत कौर, परमजीत कौर, मनजीत कौर, झामुमो नेत्री चरणजीत कौर, सोनी कौर, राजेंद्र कौर और रज्जी कौर समेत विभिन्न स्त्री सत्संग सभाओं की प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

More From Author

लोयोला स्कूल में 76वां वार्षिक खेल दिवस आयोजित, 78 स्पर्धाओं में बच्चों ने दिखाया दमखम

जमशेदपुर: बिहार एसोसिएशन के शताब्दी समारोह में सजी काव्य संध्या, नीलोत्पल मृणाल की कविताओं ने बांधा समां