Views: 7
जमशेदपुर।आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और राहत-बचाव व्यवस्था की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को जमशेदपुर के रेड क्रॉस भवन परिसर में जिला प्रशासन की ओर से एयर रेड मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान काल्पनिक हवाई हमले की स्थिति बनाकर बचाव, राहत और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।मॉक ड्रिल के दौरान रेड क्रॉस भवन में हवाई हमले की सूचना प्रसारित की गई। इसके बाद घटनास्थल पर 17 लोगों के घायल होने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई, जिनमें लगभग आधा दर्जन लोगों को गंभीर रूप से जख्मी दिखाया गया। सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस की टीम सक्रिय हुई और बचाव अभियान शुरू किया।
सिविल डिफेंस टीम ने घायलों को सुरक्षित निकाला
अभ्यास के दौरान बचाव दल ने घायलों को घटनास्थल से सुरक्षित बाहर निकालने और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रेस्क्यू कर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था का अभ्यास किया गया।
विभिन्न विभागों की तत्परता और समन्वय की हुई जांच
मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन सूचना मिलने पर विभिन्न विभागों की तत्परता, राहत एवं बचाव दल की कार्यक्षमता, प्राथमिक चिकित्सा और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था का परीक्षण किया गया। साथ ही अलग-अलग एजेंसियों के बीच आपसी तालमेल, संचार व्यवस्था और संसाधनों के उपयोग की क्षमता भी परखी गई।इस अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करना, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और जान-माल के नुकसान को कम करने की तैयारियों को मजबूत करना था।
