Views: 4
जमशेदपुर।झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन पर समाहरणालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। 17 से 28 नवंबर तक चले पखवाड़े के अंतिम दिन विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच 5 करोड़ 69 लाख 5 हजार 600 रुपये की परिसंपत्तियों और योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। इस दौरान लाभुकों को स्वीकृति पत्र सौंपे गए, वहीं 18 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सात विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त राजीव रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड और पंचायत स्तर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इसका उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और विकास की उपलब्धियों से आम लोगों को जोड़ना था। उन्होंने लाभुकों से योजनाओं का बेहतर उपयोग कर अपनी आजीविका और आर्थिक स्थिति मजबूत करने की अपील की।
कृषि, मत्स्य और पशुपालन योजनाओं का मिला लाभ
कार्यक्रम में कृषि विभाग की ओर से चार लाभुकों को 4.47 लाख रुपये की सौर ऊर्जा आधारित पंप योजना एवं किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की स्वीकृति दी गई। मत्स्य विभाग के नौ लाभुकों को 44.40 लाख रुपये की लागत से बायोफ्लॉक तालाब और नाव उपलब्ध कराई गई।पशुपालन विभाग के चार लाभुकों को 2.70 लाख रुपये की ब्रॉयलर कुक्कुट योजना तथा गव्य विकास विभाग के दो लाभुकों को दो लाख रुपये की पनीर-खोआ मेकिंग यूनिट का लाभ दिया गया। अबुआ आवास योजना के दो लाभुकों को स्वीकृति पत्र और आठ लाभुकों को वन पट्टा प्रदान किया गया।
जेएसएलपीएस के माध्यम से दो हजार से अधिक लाभुकों को 4.54 करोड़ की योजनाएं
जेएसएलपीएस के माध्यम से फूलो-झानो आशीर्वाद योजना, कैश क्रेडिट लिंकेज, सामुदायिक निवेश निधि और समावेशी आजीविका योजना के तहत दो हजार से अधिक लाभुकों के लिए कुल 4.54 करोड़ रुपये की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं और अन्य लाभुकों को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया।
सात मेधावी विद्यार्थियों और 18 सहायक आचार्यों को सम्मान
कार्यक्रम में जेएसी, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सात छात्र-छात्राओं को फोन, लैपटॉप और प्रोत्साहन राशि के चेक देकर सम्मानित किया गया। वहीं, 18 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।सामाजिक सुरक्षा के तहत तीन ट्रांसजेंडर लाभुकों को पेंशन योजना की स्वीकृति प्रदान की गई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारी सम्मानित
सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और प्रभावी संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें बोड़ाम के प्रखंड विकास पदाधिकारी किकु महतो और गोलमुरी-सह-जुगसलाई के प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
कार्यक्रम में कई अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, निदेशक एनईपी राजेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा शत्रुंजय कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में योजना के लाभुक उपस्थित थे।
