
घाटशिला। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है। मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के समर्थन में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और झारखंड की जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की भावुक अपील की।
डबल इंजन सरकार ही विकास की गारंटी
मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने अपने संबोधन में ‘डबल इंजन की सरकार’ के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि अगर झारखंड को विकास की राह पर आगे बढ़ाना है तो यहां भी डबल इंजन की सरकार बनाना जरूरी है।उन्होंने ओडिशा का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे ओडिशा में भाजपा की सरकार ने तेजी से विकास कार्य किए हैं, वैसे ही झारखंड में भी भाजपा की सरकार बनने पर राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छूएगा।सीएम मांझी ने स्पष्ट आह्वान करते हुए कहा ओडिशा जैसा विकास चाहिए तो झारखंड में भी डबल इंजन की सरकार बनाइए। घाटशिला विधानसभा से भाजपा को जिताकर इस बदलाव की शुरुआत कीजिए।
झारखंड सरकार पर लगाए 10 साल पीछे धकेलने के आरोप
ओडिशा के मुख्यमंत्री ने झारखंड की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने अपने कार्यकाल में जितना विकास किया था, “मौजूदा झारखंड सरकार ने राज्य को 10 साल पीछे धकेल दिया है।”उन्होंने दावा किया कि सिर्फ एक साल के कार्यकाल में ही जनता का मोह भंग हो गया है और अब लोग बदलाव के मूड में हैं। मुख्यमंत्री मांझी ने विश्वास जताया कि बिहार के आम चुनाव, झारखंड और ओडिशा के विधानसभा उपचुनावों में कमल खिलेगा और भाजपा एक बार फिर जनता के विश्वास पर खरा उतरेगी।उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो जनता के विश्वास पर खरी उतरी है और हमेशा विकास को प्राथमिकता देती है। उनका मानना है कि झारखंड की जनता अब भ्रम से निकलकर परिवर्तन का मन बना चुकी है।
