
जमशेदपुर: जमशेदपुर शहर के लिए गर्व का विषय है। शहर की वरिष्ठ पत्रकार और सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता अन्नी अमृता का चयन संयुक्त राष्ट्र महिला (UN Women) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित नेतृत्व कार्यशाला ‘शी लीड्स=3’ (She Leads=3) के लिए किया गया है।
नई दिल्ली में मिलेगा नेतृत्व प्रशिक्षण
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला 4 और 5 दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी।इस कार्यशाला में देशभर से चुनिंदा महिलाओं को सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।अन्नी अमृता का चयन उनके सामाजिक सरोकारों, महिलाओं के अधिकारों के लिए सक्रियता और सार्वजनिक जीवन में उनकी लगातार भागीदारी को देखते हुए किया गया है।
पत्रकारिता और चुनावी मैदान में सक्रिय भूमिका
अन्नी अमृता का सार्वजनिक जीवन में बहुआयामी योगदान रहा है। वह लंबे समय से एक सक्रिय पत्रकार के रूप में काम कर रही हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में झारखंड के जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था, जो सार्वजनिक जीवन में उनकी गहरी रुचि और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।यूएन विमेन के इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए अन्नी अमृता का चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह जमशेदपुर में महिलाओं के सशक्तिकरण और नेतृत्व को भी बढ़ावा देगा।
