
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुख्यालय चाईबासा शहर के टुंगरी स्थित एक शराब दुकान में शुक्रवार की रात में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने दुकान में सेंध लगाकर शराब की बोतलों, नकदी और सीसीटीवी के महत्वपूर्ण उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया।
वेंटिलेटर के सहारे दुकान में घुसे चोर
चोरों ने इस घटना को अंजाम देने के लिए सुनियोजित तरीके से काम किया। चोरों ने शराब दुकान के पीछे स्थित वेंटिलेटर का सहारा लिया। अंदर प्रवेश करने के लिए उन्होंने लकड़ी का इस्तेमाल किया। चोरों ने दुकान से शराब की कई महंगी बोतलें, नकदी, और सबसे महत्वपूर्ण सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर (DVR) भी अपने साथ लेकर फरार हो गए, ताकि पुलिस को कोई फुटेज न मिल सके।
दुकान मालिक ने दी पुलिस को सूचना
घटना की जानकारी दुकान मालिक को तब हुई, जब वे शनिवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे। दुकान की स्थिति देखने के पश्चात मालिक ने तत्काल चोरी की घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उनकी उपस्थिति में दुकान का दरवाजा खोला गया। पुलिस ने विस्तृत स्टॉक जांच शुरू कर दी है, ताकि चोरी हुए सामान की सही कीमत का आकलन किया जा सके।चोरों द्वारा डीवीआर चोरी किए जाने के कारण पुलिस को अब तकनीकी साक्ष्यों के बजाय अन्य खुफिया जानकारियों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
