
जमशेदपुर। जमशेदपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से शुक्रवार को आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने के लिए एक विशेष मुहिम चलाई गई। यह अभियान जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी के नेतृत्व में सुबह से ही तेज़ी से जारी है।इस मुहिम में नगर निकाय की टीम के साथ पशुपालन विभाग और स्थानीय पुलिस बल भी शामिल हैं। शहर के मुख्य मार्ग, जिनमें साकची, बिष्टुपुर, मानगो, कदमा और सोनारी जैसे व्यस्त इलाके शामिल हैं, पर यह कार्रवाई चल रही है।
यातायात और दुर्घटनाओं को रोकने पर जोर
जेएनएसी के पदाधिकारी तानिश कुमार ने बताया कि शहर में आवारा पशुओं की लगातार बढ़ती संख्या न केवल यातायात व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर रही थी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाएँ भी बढ़ा रही थी। इसी को देखते हुए निकाय प्रशासन ने अचानक यह विशेष मुहिम शुरू की।पदाधिकारी तानिश कुमार ने बताया सुबह 7 बजे से ही हमारी टीमों ने ट्रकों और नेट कैचर की मदद से सड़कों पर घूम रहे गायों और बैलों को पकड़ने का कार्य शुरू किया। अब तक दर्जनों पशुओं को कब्जे में लिया जा चुका है और उन्हें गौशाला भेजने की प्रक्रिया चल रही है।”
सुरक्षा और पशु कल्याण का रखा जा रहा ध्यान
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के दौरान सुरक्षा और पशु कल्याण दोनों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। पशुओं को पकड़ने के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी पशु को चोट न पहुँचे। पकड़े गए मवेशियों को पहले अस्थायी शेल्ट में रखा जा रहा है, जहाँ उनकी जांच और देखभाल की व्यवस्था की गई है। इसके बाद, सभी मवेशियों को शहर के बाहर स्थित गौशाला में सुरक्षित रूप से शिफ्ट किया जाएगा।जेएनएसी का यह अचानक अभियान शहर की सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
