
जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में पिछले कई दिनों से घरों और दुकानों में हो रही चोरी की वारदातों पर लगाम लगाते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर चोरी की घटनाओं में शामिल पांच शातिर अपराधियों को दबोचा है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और निवासियों ने राहत की सांस ली है।
गिरफ्तार आरोपियों का ‘मछुआ’ कनेक्शन
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सभी पांचों आरोपी सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं और आपस में जुड़े हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के नाम गुर्जर मछुआ,गौरव मुश्या उर्फ चौधरी मछुआ,छोटू मछुआ,सोनू मछुआ और गणेश मछुआ है।
पुराना आपराधिक इतिहास: पहले भी जा चुके हैं जेल
मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी (हेडक्वार्टर-1) भोला प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। ये आरोपी पहले भी चोरी, लूट और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं और कई बार जेल की हवा खा चुके हैं। जेल से बाहर आने के बाद इन्होंने फिर से संगठित होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया था।
चोरी का सामान और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छापेमारी कर भारी मात्रा में चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं जिसमे गैस सिलेंडर, सिलाई मशीन, जैक, लोहे की रॉड और ताला तोड़ने के अन्य लोहे के औजार। बरामद किए गए सामानों की कुल कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
सीतारामडेरा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीएसपी भोला प्रसाद ने बताया कि गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वालों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
