
घाटशिला: घाटशिला कॉलेज के छात्र-छात्राओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। कॉलेज परिसर में अब पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी नई ऊंचाइयां मिलेंगी। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.के. चौधरी की विशेष पहल पर कॉलेज परिसर में जल्द ही बास्केटबॉल कोर्ट, क्रिकेट नेट पिच और बैडमिंटन कोर्ट जैसी आधुनिक खेल सुविधाओं का निर्माण शुरू होने वाला है।
एचसीएल के कार्यपालक निदेशक से मिले प्राचार्य
मंगलवार को प्राचार्य डॉ. आर.के. चौधरी ने हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के कार्यपालक निदेशक ( श्याम सुंदर सेठी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कॉलेज में खेल संरचनाओं के अभाव और छात्रों की प्रतिभा को निखारने के लिए बुनियादी ढांचे की आवश्यकता पर चर्चा की।
सीएसआर मद से बायो-टॉयलेट और खेल मैदानों का होगा निर्माण
प्राचार्य डॉ. चौधरी ने एचसीएल प्रबंधन से आग्रह किया कि वे अपने सीएसआर मद से कॉलेज में बास्केटबॉल कोर्ट, क्रिकेट नेट प्रैक्टिस पिच और बैडमिंटन कोर्ट,छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए आधुनिक बायो-टॉयलेट सुविधाओं का निर्माण करवाएं।प्राचार्य की छात्र-हितकारी योजनाओं से प्रभावित होकर कार्यपालक निदेशक श्री सेठी ने आश्वासन दिया कि इसी वर्ष के अंत तक इन सभी परियोजनाओं को पूरा कर लिया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण के लिए जताया आभार
मुलाकात के दौरान प्राचार्य ने पिछले वर्ष एचसीएल के सहयोग से कॉलेज परिसर में बनाए गए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और स्टाफ बाथरूम के लिए श्री सेठी के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने जल एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एचसीएल के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया।
प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच
प्राचार्य डॉ. चौधरी ने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य छात्रों का सर्वांगीण विकास करना है। खेल सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को बेहतर तरीके से निखार सकेंगे। इस अवसर पर कॉलेज शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. डी.सी. राम और खेल प्रभारी प्रो. इंदल पासवान भी उपस्थित थे।
