
आदित्यपुर ।आदित्यपुर नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के अंतिम चरणों में चुनावी गहमागहमी तेज हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को वार्ड संख्या 15 से लोकप्रिय चेहरा देबू चटर्जी ने अपने समर्थकों के भारी उत्साह के बीच संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद देबू चटर्जी ने अपनी जीत का दावा करते हुए वार्ड के कायाकल्प का रोडमैप साझा किया।
वार्ड 15 के लिए ‘विजन डॉक्यूमेंट’: सड़क से लेकर सुरक्षा तक
नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत में देबू चटर्जी ने स्पष्ट किया कि वे केवल चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि वार्ड की सूरत बदलने के संकल्प के साथ मैदान में उतरे हैं। उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को गिनाते हुए कहा कि वार्ड की जर्जर सड़कों की मरम्मत और गलियों में सुव्यवस्थित स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करना। नियमित साफ-सफाई के साथ-साथ ड्रेनेज सिस्टम (जल निकासी) को दुरुस्त करना, ताकि जलजमाव की समस्या से स्थायी मुक्ति मिल सके। हर घर तक नियमित और शुद्ध जलापूर्ति सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
“पारदर्शी और जवाबदेह होगी कार्यप्रणाली”
देबू चटर्जी ने जनता से वादा किया कि पार्षद चुने जाने के बाद वे एक ऐसी व्यवस्था बनाएंगे जहां आम जनता की पहुंच सीधे अपने प्रतिनिधि तक हो।”मेरा उद्देश्य वार्ड स्तर पर एक पारदर्शी और जवाबदेह सिस्टम बनाना है। जनता की समस्याओं को फाइल में नहीं दबाया जाएगा, बल्कि उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।”
हर वर्ग के लिए विशेष योजनाएं
उन्होंने समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की बात कही। युवाओं के लिए खेल के अवसर और महिलाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन पर विशेष ध्यान।वार्ड के वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहतर स्वास्थ्य और सम्मानजनक वातावरण तैयार करना।
समर्थकों का रहा जोश
नामांकन के दौरान देबू चटर्जी के समर्थन में वार्ड 15 के निवासियों और समर्थकों का बड़ा हुजूम उमड़ा। समर्थकों ने फूलों की माला पहनाकर और नारेबाजी कर अपने प्रत्याशी का स्वागत किया। पूरे नामांकन सत्र के दौरान माहौल काफी उत्साहजनक रहा और प्रशासन की मुस्तैदी के कारण पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
