
जमशेदपुर: लौहनगरी में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला कदमा थाना क्षेत्र के रामनगर रोड नंबर 6 का है, जहाँ बीती रात अज्ञात चोरों ने शिव हनुमान मंदिर को अपना निशाना बनाया। इस घटना ने एक बार फिर जमशेदपुर की पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दानपेटी तोड़कर नकदी लेकर फरार
घटना की जानकारी शनिवार सुबह तब हुई जब मंदिर की देखभाल करने वाले चंद्रिका प्रसाद वहां पहुँचे। उन्होंने देखा कि मंदिर की दानपेटी का ताला टूटा हुआ है और उसमें रखी तमाम नकदी गायब है।मंदिर समिति के अनुसार, बीते करीब तीन वर्षों से दानपेटी को नहीं खोला गया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि दानपेटी में काफी बड़ी राशि जमा थी, जिसे चोरों ने साफ कर दिया। फिलहाल सटीक राशि का अंदाजा नहीं लग पाया है।
स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं और अब मंदिर को निशाना बनाए जाने से स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है। सूचना मिलते ही कदमा थाना के एएसआई भोला राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और मामले की छानबीन शुरू की।
सीसीटवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मंदिर और आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में लिया है। एएसआई भोला राणा ने बताया चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया है। हम तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
