
जमशेदपुर: फाल्गुन माह के पावन अवसर पर जमशेदपुर की सड़कें ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गूंजने वाली हैं। आगामी 27 फरवरी को शहर में एक विशाल एवं भव्य श्री श्याम निशान यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक महाआयोजन में 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है, जिसमें 3 हजार से अधिक भक्त अपने हाथों में बाबा का पवित्र निशान लेकर चलेंगे।
साकची से जुगसलाई तक का रूट
आयोजन समिति के अनुसार, यह यात्रा आस्था के संगम जैसा दृश्य पेश करेगी।सुबह साकची स्थित शिव मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद यात्रा शुरू होगी।साकची से निकलकर यह विष्टूपुर की मुख्य सड़कों से गुजरते हुए जुगसलाई स्थित वैकुंठ धाम मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा के केंद्र में बाबा श्याम का विशेष चलंत दरबार होगा, जिसे विदेशी और आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा।
भजन और गुलाल की मस्ती
यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में उत्सव जैसा माहौल रहेगा।एक विशेष वाहन पर भजन गायक बाबा के कर्णप्रिय भजनों की प्रस्तुति देंगे।श्रद्धालु पूरे मार्ग में एक-दूसरे पर गुलाल उड़ाते हुए और बाबा श्याम के साथ होली खेलते हुए आगे बढ़ेंगे। बाबा श्याम को 56 भोग एवं 36 प्रकार के व्यंजनों का विशेष भोग लगाया जाएगा, जिसे बाद में भक्तों के बीच वितरित किया जाएगा।
मेहंदी उत्सव: 26 फरवरी को विशेष आयोजन
मुख्य यात्रा से एक दिन पहले, यानी 26 फरवरी को जुगसलाई शिव मंदिर में महिलाओं द्वारा मेहंदी उत्सव मनाया जाएगा। इसमें मंडल की महिलाएं बाबा श्याम के नाम की मेहंदी रचाकर अपनी आस्था प्रकट करेंगी।
खाटू धाम का महत्व और कूपन वितरण
फाल्गुन शुक्ल एकादशी का राजस्थान के खाटू धाम में विशेष महत्व है। जो भक्त राजस्थान नहीं जा पा रहे, उनके लिए जमशेदपुर की यह यात्रा किसी खाटू दर्शन से कम नहीं है।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साकची, जुगसलाई, मानगो और बारीडीह जैसे प्रमुख क्षेत्रों में कूपन वितरण केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ से श्रद्धालु अपना निशान सुरक्षित कर सकते हैं।
