आदित्यपुर: वार्ड 1 के पार्षद प्रत्याशी वनमाली दास पर मारपीट और धमकी का आरोप, सीसीटीवी फुटेज जब्त

Spread the love

आदित्यपुर: वार्ड संख्या 1 के पार्षद प्रत्याशी वनमाली दास की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मतदाताओं को पैसे बांटने के आरोप की जांच अभी निर्वाचन आयोग द्वारा की ही जा रही है, इसी बीच उनके खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का एक और मामला सामने आया है।

आनंदपुर गांव में कथित मारपीट

गुरुवार सुबह आनंदपुर गांव में उत्तमडीह निवासी राजकपूर महतो के साथ कथित रूप से वनमाली दास और उनके सहयोगी गुरुपदों दास ने मारपीट की। पीड़ित ने आदित्यपुर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि वनमाली दास ने उन्हें रोककर कहा, “पैसा बांटने का वीडियो वायरल करने वाले के समर्थन में तुम लोग मेरे घर आए थे। अब जब भी आनंदपुर गांव से आओगे-जाओगे, पिटाई करेंगे।”घटना के बाद उत्तमडीह के काफी संख्या में ग्रामीण सचिन महतो (झामुमो नेता) के साथ थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

ग्रामीणों का दावा है कि मारपीट और धमकी की पूरी घटना पास के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। आरोप है कि मारपीट के बाद सीसीटीवी फुटेज मिटाने की धमकी भी दी गई।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संबंधित घर से सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों में दहशत

उत्तमडीह के ग्रामीणों का आरोप है कि पैसे बांटने का वीडियो वायरल होने के बाद से वनमाली दास उन्हें निशाना बना रहे हैं। इससे पहले भी मोबाइल को लेकर विवाद में दो युवकों के साथ मारपीट की बात सामने आई थी। उन्हें बचाने पहुंचे ग्रामीणों को भी कथित रूप से धमकाया गया।झामुमो नेता सचिन महतो ने कहा कि उत्तमडीह के लोग आनंदपुर होकर गम्हरिया, आदित्यपुर और बिष्टुपुर आते-जाते हैं। ऐसे में रास्ते में रोककर मारपीट और जान से मारने की धमकी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। उन्होंने जिले के पुलिस कप्तान और थाना प्रभारी से सख्त कार्रवाई तथा ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस संबंध में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने कहा, “सुबह राजकपूर महतो के साथ मारपीट की घटना हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

More From Author

जमशेदपुर में श्री जगन्नाथ मंदिर भूमि पूजन: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा– “जगन्नाथ अब झारखंड विहारी और जमशेदपुर विहारी भी कहलाएंगे”

चाकुलिया: विधायक समीर कुमार मोहंती ने झारखंड विधानसभा में उठाई घाटशिला में इएसआई अस्पताल की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.