
जमशेदपुर: बारीडीह हाई स्कूल में मंगलवार को बाल वाटिका समूह (नर्सरी से कक्षा 2) की ओर से अभिभावकों के लिए एक अनोखी ‘पपेट निर्माण’ (प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से स्कूल ने शिक्षा को खेल-खेल में रचनात्मक बनाने की दिशा में एक नई पहल की है।
अभिभावकों को शिक्षण कौशल से जोड़ने की पहल
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को आधुनिक शिक्षण कौशलों के विकास की ओर प्रेरित करना था। स्कूल प्रबंधन का मानना है कि यदि अभिभावक खुद रचनात्मक गतिविधियों में पारंगत होंगे, तो वे अपने बच्चों के साथ मिलकर घर पर भी शिक्षा को मनोरंजक और प्रभावी बना सकेंगे।
प्राचार्य ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती संगीता हलदर ने किया। उन्होंने अभिभावकों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में स्कूल और माता-पिता दोनों की भागीदारी अनिवार्य है।
निर्णायक मंडली और सफल संचालन
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले अभिभावकों द्वारा बनाए गए पपेट्स का मूल्यांकन ललिता मैम और विनीता ओझा मैम की निर्णायक मंडली ने किया। उन्होंने कला और रचनात्मकता के आधार पर विजेताओं का चयन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन बाल वाटिका समूह की शिक्षिकाओं द्वारा किया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रिया मैम और सीमा मैम की अहम भूमिका रही।अभिभावकों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उन्हें अपने बच्चों की दुनिया को करीब से समझने और उनकी रचनात्मकता में हाथ बंटाने का अवसर मिलता है।
