
जमशेदपुर:मानगो थाना क्षेत्र के वर्कर्स कॉलेज के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। छठ घाट के समीप नदी में नहाने के दौरान एक वृद्ध पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
दिव्यांग वृद्ध तेज बहाव की चपेट में
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक दिव्यांग वृद्ध छठ घाट पर आया था। उसने नदी में उतरने से पहले किनारे पर अपने जूते और वॉकर रख दिए थे। जैसे ही वह पानी में नहाने उतरा, अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह काफी दूर बह चुका था।
पुलिस पहुँची मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मानगो थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। नदी किनारे से वृद्ध का जूता और वॉकर बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस गोताखोरों की मदद से वृद्ध की तलाश में जुटी हुई है।