सरायकेला: आदित्यपुर गोलीकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद

सरायकेला-खरसावां: जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बीते 2 मार्च को सीरीस भट्ठा के पास हुए गोलीकांड मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम सरकार और राज लोहार उर्फ कालू के रूप में हुई है। शुभम सरकार कुख्यात अपराधी संजय सरकार का बेटा बताया जा रहा है।

हथियार, कारतूस और बाइक बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, एक बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया है।इस संबंध में मुकेश कुमार लुणायत ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी।

जान से मारने की नीयत से चलाई थी गोली

एसपी ने बताया कि प्राथमिकी अभियुक्त शुभम सरकार और राज लोहार ने राजवीर सिंह उर्फ लालू और उसके साथी आशीष दीप पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी।इस दौरान मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे राजवीर सिंह उर्फ लालू को गोली लग गई थी। घायल को तुरंत इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

विशेष टीम ने किया गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए समीर सवैया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पारिवारिक विवाद बना गोलीकांड की वजह

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आशीष दीप के भाई आकाश दीप और शुभम सरकार की मां के बीच अवैध संबंध को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया।पुलिस के अनुसार शुभम सरकार के पिता संजय सरकार पिछले तीन वर्षों से मानगो थाना क्षेत्र के हत्या के एक मामले में जेल में बंद हैं।

आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

More From Author

झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव: जमशेदपुर सिविल कोर्ट में अधिवक्ताओं की लंबी कतार, लंच तक 1100 वोट पड़े

जमशेदपुर में 22 मार्च को निकलेगी अखंड तिरंगा यात्रा, शहीद सम्मान यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *