जमशेदपुर: बर्मामाइंस में तेज रफ्तार कार ने 3 साल के मासूम को कुचला, सीसीटीवी में कैद हुई रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना

जमशेदपुर:लौहनगरी जमशेदपुर में बेलगाम रफ्तार का जानलेवा कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के स्टार टॉकीज कॉलोनी के पास एक अनियंत्रित कार ने तीन साल के मासूम बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। यह पूरी हृदयविदारक घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है

मासूम के ऊपर से गुजर गए कार के दोनों पहिये

प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, रफ्तार इतनी तेज थी कि बच्चे को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कार का अगला और पिछला, दोनों पहिया मासूम के शरीर के ऊपर से गुजर गया। घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए लहूलुहान बच्चे को उठाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

टीएमएच में जिंदगी की जंग लड़ रहा है मासूम आयुष

घायल बच्चे की पहचान तीन वर्षीय आयुष के रूप में हुई है। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे विशेषज्ञों की कड़ी निगरानी में रखा गया है।

क्या कहती हैं बच्चे की दादी

घटना के बाद आयुष की दादी शिला देवी ने रोते हुए बताया कि बच्चा घर के पास ही था, तभी अचानक तेज रफ्तार कार उसे कुचलते हुए निकल गई। उन्होंने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

पुलिस की कार्रवाई: सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम

घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस कार के नंबर और चालक की पहचान करने के लिए टेक्निकल सेल की मदद ले रही है। स्थानीय लोगों ने कॉलोनी क्षेत्रों में वाहनों की बढ़ती रफ्तार पर नाराजगी जाहिर की है और स्पीड ब्रेकर की मांग की है।

More From Author

डायन हत्या और बच्चों के शोषण पर सतर्क रहें: जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद

आदित्यपुर : पुरानी रंजिश में बैटरी दुकान पर दिनदहाड़े फायरिंग,बाइक सवार अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *