
जमशेदपुर।हिंदू उत्सव समिति और हिंदू जनजागरण मंच की ओर से 18 मार्च को निकलने वाली हिंदू नववर्ष यात्रा के मद्देनजर शनिवार को डिमना ट्रांसपोर्ट नगर मैदान में भव्य ध्वज पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सनातन विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडित हेमंत पाठक के सानिध्य में संपन्न हुआ।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ ध्वज पूजन
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित हेमंत पाठक द्वारा पांच देवताओं के आह्वान और विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद सभी भगवा ध्वजों का अक्षत, पुष्प और रोली के साथ पूजन किया गया।ध्वज पूजन के बाद कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर को भगवा ध्वजों से सजाने का संकल्प लिया। पूजा किए गए ध्वज अब शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगाए जाएंगे।
कई सामाजिक और धार्मिक कार्यकर्ता रहे उपस्थित
ध्वज पूजन कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में समाजसेवी नीरज सिंह मौजूद रहे।इस अवसर पर आरएसएस के संजय सिन्हा, मंगल अखाड़ा के मुन्ना सिंह, शंकर रेड्डी, पप्पू सिंह, पार्षद व समाजसेवी राजेश सिंह, हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश, अमरेंद्र पासवान, सरवन पासवान, प्रिंस सिंह, पप्पू राव, सुशीला शर्मा, हिंदू जनजागरण मंच के अध्यक्ष अमित शर्मा, मनीष हिन्दुस्तानी, प्रीति सिन्हा और पवन सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।इसके अलावा समाजसेवी शिवशंकर सिंह, योगेंद्र सिंह निराला, सुबोध श्रीवास्तव, छोटन मिश्रा, राजेश जी बम भक्त, रंजन महतो, चंदन झा और अनिता शर्मा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा और प्रबुद्धजन शामिल हुए।
डिमना से साकची तक निकलेगी विशाल शोभायात्रा
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि 18 मार्च को निकलने वाली हिंदू नववर्ष शोभायात्रा डिमना ट्रांसपोर्ट नगर मैदान से शुरू होकर सुभाष मैदान (आमबगान, साकची) तक जाएगी उन्होंने कहा कि यह यात्रा हर वर्ष शहर के अलग-अलग स्थानों से निकाली जाती है और इसकी भव्यता वर्षों तक लोगों को याद रहती है। इस वर्ष यात्रा का केंद्र डिमना होने के कारण युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
सनातन संस्कृति के संरक्षण पर जोर
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान सामाजिक परिवेश में सनातन संस्कार और वैचारिक विरासत को संरक्षित और संवर्धित करना हर सनातनी का कर्तव्य है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है।
21 सदस्यीय संचालन समिति का गठन
हिंदू नववर्ष यात्रा को सफल बनाने के लिए 21 सदस्यीय संचालन समिति का गठन किया गया है, जिसमें प्रत्येक सदस्य को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी कार्यकर्ता यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए सक्रिय रूप से तैयारी में जुटे हुए हैं।कार्यक्रम की सफलता में हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश, सुखदेव और शुभम राज तथा हिंदू जनजागरण मंच के अमित शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
