
जमशेदपुर: लौहनगरी के जुगसलाई क्षेत्र के विकास के लिए आज एक नया अध्याय शुरू हुआ। जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय के सभागार में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में जुगसलाई नगर निगम के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने विधिवत पद और गोपनीयता की शपथ ली। अध्यक्ष पद की कमान नौशीन खान ने संभाली, जिनके साथ 22 वार्ड पार्षदों ने भी जिम्मेदारी स्वीकार की।
उपायुक्त ने दिलाई अध्यक्ष को शपथ
समारोह के मुख्य अतिथि सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशीन खान को शपथ दिलाई। उपायुक्त ने उन्हें पद की गरिमा बनाए रखने और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की शुभकामनाएँ दीं।
वार्ड पार्षदों का सामूहिक शपथ ग्रहण
वहीं, निर्वाचित 22 वार्ड पार्षदों को निर्वाचन पदाधिकारी राहुल आनंद ने शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के साथ ही सभी वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।इस अवसर पर प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के समर्थक भारी संख्या में मौजूद रहे।
विकास की नई उम्मीदें
शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष नौशीन खान ने कहा कि जुगसलाई की साफ-सफाई, जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम) और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार उनकी प्राथमिकता होगी। नगर निगम बनने के बाद संसाधनों में हुई वृद्धि का लाभ सीधे जनता तक पहुँचाना उनका मुख्य लक्ष्य है।शपथ ग्रहण समारोह के संपन्न होते ही जुगसलाई नगर निगम की नई परिषद ने आधिकारिक रूप से कामकाज संभाल लिया है।
