जमशेदपुर: आगामी हिंदू नव वर्ष विक्रम संवत 2083 और कलि संवत 5128 के स्वागत के लिए लौहनगरी पूरी तरह से तैयार है। प्रत्येक वर्ष की परंपरा के अनुसार, इस वर्ष भी सोनारी नगर में विश्व हिंदू परिषद के मार्गदर्शन और हिंदू जागृति मंच के बैनर तले एक विशाल शोभा यात्रा निकाली जाएगी।
18 मार्च: कागलनगर से शुरू होगा आस्था का समागम
प्रेस वार्ता के दौरान आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि शोभा यात्रा की रूपरेखा पूरी तरह तैयार कर ली गई है। 18 मार्च को दोपहर 2:00 बजे से कागलनगर सेंटर, सोनारी से विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए यह यात्रा डिमना ट्रांसपोर्ट नगर के लिए प्रस्थान करेगी।
युवाओं में भारी उत्साह, भगवामय हुआ सोनारी
नव वर्ष के स्वागत को लेकर युवाओं में विशेष जोश देखा जा रहा है। शोभा यात्रा के स्वागत के लिए युवा रात्रि भर जागकर नगर के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों को भगवा पताकाओं से सजा रहे हैं। पूरा सोनारी क्षेत्र केसरिया रंग में रंगा नजर आ रहा है।
यात्रा के मुख्य आकर्षण
इस वर्ष की शोभा यात्रा में सांस्कृतिक और धार्मिक भव्यता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा जिसमें पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं यात्रा की प्रथम पंक्ति में रहकर नेतृत्व करेंगी।विभिन्न देवी-देवताओं की मनमोहक और भव्य झांकियां श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगी। भक्ति गीतों और वाद्य यंत्रों के साथ भजन मंडलियां वातावरण को भक्तिमय बनाएंगी वहीं यात्रा का समापन भारत माता की भव्य आरती और विश्व शांति की प्रार्थना के साथ होगा।
सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष ध्यान
हजारों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए हिंदू जागृति मंच के कार्यकर्ता व्यवस्था संभालने में जुटे हैं। प्रेस को संबोधित करते हुए संतोष वर्मा, नवीन पाण्डे, सुखदेव सिंह, आदित्य वर्मा और अपर्णा दत्ता ने संयुक्त रूप से बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य सनातनी परंपराओं को आगे बढ़ाना और सामाजिक एकजुटता को मजबूती प्रदान करना है।
प्रेस वार्ता में उपस्थित प्रमुख सदस्य
इस प्रेस वार्ता के दौरान अमित हलदर, दुर्गा देवी, विक्की, गौरी यादव, मुरली गोप, सिद्धार्थ दास, सोम, दीपू, युवराज, नितिन, भावेश, मुकेश समेत विश्व हिंदू परिषद एवं हिंदू जागृति मंच के अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
