चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया बुधवार को एक ऐतिहासिक मोड़ पर संपन्न हुई। घाटशिला अनुमंडल कार्यालय के सभागार में आयोजित चुनाव प्रक्रिया के दौरान राजकुमार मिश्रा को सर्वसम्मति से निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
सर्वसम्मति से हुआ चयन
अनुमंडल कार्यालय के सभागार में बुधवार को उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव की औपचारिकताएं निर्धारित थीं। हालांकि, चाकुलिया नगर पंचायत के सभी 12 वार्ड सदस्यों ने एकजुटता दिखाते हुए राजकुमार मिश्रा के नाम पर सहमति जताई। किसी अन्य उम्मीदवार द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किए जाने के कारण चुनाव की आवश्यकता नहीं पड़ी और राजकुमार मिश्रा निर्विरोध विजयी घोषित किए गए।
अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र ने दिलाई शपथ
उपाध्यक्ष पद की प्रक्रिया शुरू होने से पहले अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र ने नगर पंचायत के सभी नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। निर्विरोध निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा के बाद, एसडीओ सुनील चंद्र ने राजकुमार मिश्रा को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा।अंत में राजकुमार मिश्रा ने नगर पंचायत उपाध्यक्ष के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
विकास को मिलेगी नई गति
निर्विरोध चुने जाने के बाद राजकुमार मिश्रा ने सभी वार्ड पार्षदों और जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। विशेषकर चाकुलिया में साफ-सफाई, ड्रेनेज सिस्टम और जनसुविधाओं में सुधार उनका मुख्य लक्ष्य होगा।
