चक्रधरपुर: चक्रधरपुर शहर में चैती दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर धार्मिक उत्साह का माहौल है। चक्रधरपुर टाउन काली मंदिर समिति की ओर से गुरुवार की सुबह एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
कलश यात्रा का मार्ग और विधि-विधान
भक्ति गीतों और जय माता दी के जयकारों के साथ कलश यात्रा टाउन काली मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई। यह यात्रा मंदिर से निकलकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों जैसे भगत सिंह चौक, चेकनाका और थाना रोड होते हुए मुक्तिनाथ घाट पहुंची।मुक्तिनाथ घाट पर पुजारी द्वारा मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा और पुनः मंदिर की ओर प्रस्थान किया।
कलश स्थापना के साथ पूजा का शुभारंभ
मुक्तिनाथ घाट से जल लेकर लौटे श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचने पर स्वागत किया गया। इसके बाद मंदिर प्राशण में विधिवत कलश स्थापना की गई, जिसके साथ ही चैती दुर्गा पूजा का औपचारिक शुभारंभ हो गया।
महिलाओं की रही भारी भागीदारी
इस कलश यात्रा में विशेष रूप से महिलाओं की सहभागिता देखते ही बनी। पारंपरिक वेशभूषा में कलश लेकर चलती महिलाओं ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि पूजा के दौरान आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा।
“चैती दुर्गा पूजा हमारे शहर की पुरानी परंपरा है। टाउन काली मंदिर में हर साल की तरह इस बार भी पूरी निष्ठा और सात्विकता के साथ माता की आराधना की जा रही है।” — टाउन काली मंदिर समिति
